दीपावली पर फरेंदा वृद्धाश्रम में पुलिस अधिकारियों ने बांटी खुशियाँ, वृद्धजनों का लिया आशीर्वाद
- By UP Samachaar Plus --
- Thursday 31 Oct, 2024
- 300
मुख्य संपादक - ओंकार नाथ वर्मा
UP Samachar Plus
फरेंदा, महराजगंज 31 अक्टूबर: दीपावली के पावन पर्व पर जिले के पुलिस अधिकारियों ने एक सराहनीय पहल करते हुए फरेंदा स्थित आधारशिला वृद्ध आश्रम में वृद्धजनों के साथ त्योहार मनाया। इस विशेष अवसर पर अपर पुलिस अधीक्षक आतिश कुमार सिंह, क्षेत्राधिकारी अनिरुद्ध कुमार, और यातायात प्रभारीअरुणेन्द्र प्रताप सिंह ने वृद्धाश्रम में पहुँचकर वृद्धजनों को दीपावली की शुभकामनाएँ दीं और उनके साथ समय बिताया।
पुलिस अधिकारियों ने इस मौके पर वृद्धजनों के बीच मिष्ठान का वितरण किया और उनका हालचाल जाना। इस दौरान सभी वृद्धजन दीपावली के उपहार के रूप में मिले मिष्ठान और पुलिस अधिकारियों के साथ की गई बातचीत से अभिभूत दिखे। इस पहल से अधिकारियों ने न केवल समाज में एक सकारात्मक संदेश दिया, बल्कि वृद्धजनों का आशीर्वाद भी प्राप्त किया।
अपर पुलिस अधीक्षक आतिश कुमार सिंह ने कहा कि समाज के वरिष्ठ नागरिक हमारे मार्गदर्शक होते हैं, जिनका आशीर्वाद पाकर समाज में प्रेम, आदर और सेवा भाव को बढ़ावा मिलता है। वहीं, क्षेत्राधिकारी अनिरुद्ध कुमार ने बताया कि ऐसे पर्वों पर बुजुर्गों के साथ समय बिताना समाज के प्रति उनके योगदान को सम्मान देने का तरीका है।
इस अवसर पर वृद्धजनों ने अधिकारियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इस तरह का प्रेम और सम्मान उनके जीवन में विशेष महत्व रखता है। आश्रम के संचालकों ने भी पुलिस विभाग की इस पहल की सराहना की और इसे समाज के लिए प्रेरणादायक बताया।
दीपावली के इस पर्व पर पुलिस अधिकारियों द्वारा वृद्धजनों के साथ मनाया गया यह पल क्षेत्र में चर्चा का विषय बन गया है और समाज में मानवीय मूल्यों को प्रोत्साहित करने का एक उदाहरण प्रस्तुत किया है।

